Weather Update: देश के अधिकांश राज्यों में गर्मी का मौसम अभी भी जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि अगले दो दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। दो दिन बाद इसमें कमी आने की संभावना है। दक्षिणी राज्यों में मानसून के आने के बाद लोगों को राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पश्चिमी तट से लगे स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
यूपी का यह जिला रहा सबसे गर्म

आईएमडी ने आगे कहा कि देश के पूर्वोत्तर हिस्सों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना है। शनिवार को यूपी का बांदा जिला देश का सबसे गर्म स्थान रहा. जहां, 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इन राज्यों के कम से कम 22 कस्बों और शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
दिल्ली में भीषण गर्मी
दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अक्षरधाम मंदिर के पास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था. नजफगढ़, मुंगेशपुर, पीतमपुरा और रिज स्टेशनों में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.4 डिग्री सेल्सियस, 46.2 डिग्री सेल्सियस, 45.8 डिग्री सेल्सियस और 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी कर लू की चेतावनी दी है.
महाराष्ट्र में आया मानसून

महाराष्ट्र में शनिवार को मौसम की पहली बारिश दर्ज की गई, जो अपने आगमन की अपेक्षित तारीख से दो दिन की देरी के बाद हुई। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने राज्य के मध्य भागों और कोंकण क्षेत्र को कवर किया है। आईएमडी ने कहा कि अगर हालात अनुकूल रहे तो मानसून और आगे बढ़ेगा। इससे पहले आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा था कि मानसून के उत्तर प्रदेश में 16 जून से 22 जून के बीच पहुंचने की संभावना है।
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें khabri.live हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट khabri.live हिंदी |